गोपालगंज जिले में फर्जी शादी के नाम पर ठगी का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां बिहार की कथित लुटेरी दुल्हनों ने अपने साथियों के साथ मिलकर राजस्थान के दो दूल्हों को लाखों रुपये का चूना लगा दिया। शादी के बाद विदाई के ऐन वक्त दोनों दुल्हनें अपने गिरोह के सदस्यों के साथ फरार हो गईं। इस घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और पीड़ित दूल्हों ने नगर थाना पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई है।
जानकारी के अनुसार राजस्थान के सांगानेर जयपुर निवासी अंकित कुमार और सवाई माधोपुर निवासी प्रिंस कुमार को उनके परिचित दलालों ने शादी कराने का झांसा दिया था। दलालों ने दोनों युवकों से पहले शादी तय कराने के नाम पर दो-दो लाख रुपये लिए और बाद में शादी के खर्च के नाम पर 50-50 हजार रुपये की अतिरिक्त वसूली की। इसके बाद दोनों युवकों को उनके परिजनों के साथ गोपालगंज बुलाया गया।
बताया जाता है कि सोमवार को दोनों युवक अपने परिवार के साथ बस से गोपालगंज पहुंचे, जहां बंजारी बस स्टैंड से दलालों ने उन्हें यादोपुर रोड स्थित एक मैरिज हॉल में ले जाकर दो युवतियों और उनके कथित परिजनों से मिलवाया। वहां दोनों पक्षों की सहमति से विधिवत शादी कराई गई। शादी के बाद जब दोनों युवक अपनी नई नवेली दुल्हनों को लेकर राजस्थान लौटने के लिए बंजारी बस स्टैंड पहुंचे और ऑटो से बस पकड़ने जा रहे थे, तभी अचानक दो बाइक पर सवार कुछ युवक पहुंचे और दोनों दूल्हों के साथ मारपीट करने लगे।
पीड़ितों का आरोप है कि मारपीट के दौरान बाइक सवार युवक दोनों दुल्हनों को अपने साथ बैठाकर फरार हो गए। उनका कहना है कि दोनों दुल्हनें पहले से ही उन युवकों के साथ मिली हुई थीं और विदाई के समय ही साजिश के तहत पूरी वारदात को अंजाम दिया गया। दूल्हों का यह भी आरोप है कि दुल्हनें उनके पास रखे नकदी समेत करीब पांच लाख रुपये लेकर फरार हो गईं।
घटना के बाद दोनों पीड़ित युवक नगर थाना पहुंचे और मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई। पीड़ितों के अनुसार पुलिस ने एक दलाल को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पीड़ितों ने मैरिज हॉल संचालक और दलालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। हालांकि समाचार लिखे जाने तक पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया था।
गोपालगंज में फर्जी शादी कर ठगी करने का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी इसी तरह के कई मामले सामने आ चुके हैं। करीब एक सप्ताह पहले भी राजस्थान के एक अधेड़ व्यक्ति की शादी दलालों ने कराई थी, लेकिन बाद में किशोरी दुल्हन उम्र का हवाला देकर फरार हो गई थी, जिससे विवाद की स्थिति पैदा हो गई थी।
वहीं राजस्थान से आए दोनों युवक खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं और अपनी तथाकथित दुल्हनों की तस्वीर दिखाकर पुलिस से न्याय की गुहार लगा रहे हैं।
