गोपालगंज शहर के जिला अतिथि गृह में शुक्रवार को बिहार राज्य अल्पसंख्यक आयोग के पूर्व अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक रेयाजुल हक राजू के जनता दल यूनाइटेड में शामिल होने पर भव्य अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जदयू जिलाध्यक्ष आदित्य शंकर शाही ने की, जिसमें बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
समारोह को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष आदित्य शंकर शाही ने रेयाजुल हक राजू की पार्टी में वापसी को ऐतिहासिक बताते हुए इसे “घर वापसी” करार दिया। उन्होंने कहा कि उनके आने से गोपालगंज सहित पूरे बिहार में अल्पसंख्यक वर्गों के बीच जदयू का संगठन मजबूत होगा और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के प्रति विश्वास और बढ़ेगा। उन्होंने नीतीश कुमार की विकासपरक और समावेशी राजनीति को पार्टी की सबसे बड़ी ताकत बताया।
पूर्व विधायक रेयाजुल हक राजू ने अपने संबोधन में कहा कि वे शुरू से ही मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सामाजिक सौहार्द और विकास की राजनीति के समर्थक रहे हैं। उन्होंने याद दिलाया कि वर्ष 2005 में बसपा विधायक दल के नेता रहते हुए भी उन्होंने नीतीश कुमार के नेतृत्व में एनडीए सरकार को समर्थन दिया था और इसके लिए राजभवन से लेकर राष्ट्रपति भवन तक मार्च किया था। उन्होंने संकल्प लिया कि जीवनभर जदयू की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाएंगे और पार्टी को मजबूत करेंगे।
इस अवसर पर नगर परिषद सभापति हरेंद्र कुमार चौधर, जदयू नेता राघव सिंह, जिला महासचिव साहेबजाद अली, उप प्रमुख राधेश्याम सहनी, अभय पांडेय, दुर्गा प्रसाद गोंड़, बृज किशोर सिंह, अरविंद पटेल, उदय पटेल, उप सभापति प्रतिनिधि असलम हुसैन, नगर पार्षद मो. सोनू, पार्षद प्रतिनिधि इरशाद हुसैन, मो. कासिम, योगेंद्र यादव सहित कई प्रमुख जदयू नेता व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
