गोपालगंज जिले के मांझागढ़ रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों के ठहराव को लेकर स्थानीय ग्रामीणों ने वाराणसी मंडल के डीआरएम को लिखित आवेदन भेजा है। आवेदन में चार महत्वपूर्ण ट्रेनों को मांझागढ़ स्टेशन पर रोकने की मांग की गई है।

ग्रामीणों की ओर से मुन्ना सिंह, योगेंद्र सिंह, अनुज कुमार सिन्हा सहित मांझा प्रखंड की करीब चार लाख आबादी और बीस पंचायतों के सैकड़ों लोगों ने सामूहिक रूप से यह मांग उठाई है। उन्होंने कहा कि पहले छपरा से थावे और थावे से गोरखपुर व छपरा के लिए आठ जोड़ी ट्रेनों का परिचालन होता था और सभी का ठहराव मांझागढ़ स्टेशन पर भी होता था, जिससे क्षेत्र के यात्रियों को आसानी होती थी।

ग्रामीणों ने बताया कि पिछले कुछ वर्षों से केवल दो जोड़ी ट्रेनें ही इस रूट पर चलाई जा रही हैं। इसके कारण लोगों को पटना, गोरखपुर या दिल्ली जाने के लिए करीब 12 किलोमीटर दूर थावे या गोपालगंज जाकर ट्रेन पकड़नी पड़ती है, जिससे यात्रियों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।

आवेदन में ट्रेन संख्या 15079, 15114, 75105 और 75106 का ठहराव मांझागढ़ रेलवे स्टेशन पर सुनिश्चित करने की मांग की गई है। ग्रामीणों का कहना है कि यह मांग पूरी तरह से जनहित में है और इसे शीघ्र स्वीकार किया जाना चाहिए।