गोपालगंज : जिला विधिक सेवा प्राधिकार गोपालगंज के तत्वावधान में शनिवार 07 दिसंबर 2025 को हथुआ प्रखंड के पंचायत भवन परिसर में विधिक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित वरिष्ठ नागरिकों को कानूनी अधिकारों और सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पैनल अधिवक्ता विनीत कुमार और पीएलवी राजवेंद्र प्रताप सिंह की टीम ने वरिष्ठ नागरिकों के अधिकार, वरिष्ठ नागरिक पेंशन योजना, प्रधानमंत्री वय वंदन योजना, वरिष्ठ पेंशन बीमा योजना, बिहार माता-पिता भरण पोषण योजना तथा नालसा की वरिष्ठ नागरिकों के लिए विधिक सेवाएं योजना 2016 के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की।

अधिवक्ता द्वारा यह बताया गया कि इन योजनाओं के पात्र कौन हो सकते हैं, आवेदन कैसे किया जा सकता है और लाभ न मिलने की स्थिति में वरिष्ठ नागरिक हेल्पलाइन नंबर 14567 पर कॉल कर सहायता प्राप्त की जा सकती है। इसके साथ ही जिला विधिक सेवा प्राधिकार गोपालगंज कार्यालय से भी संपर्क कर मार्गदर्शन व सहायता ली जा सकती है।

कार्यक्रम के दौरान नालसा की विभिन्न योजनाओं से संबंधित हैंडबिल उपस्थित प्रतिभागियों के बीच वितरित किए गए। इस अवसर पर पंचायत के मुखिया, सरपंच, स्थानीय जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण जनता उपस्थित रही।