गोपालगंज : सिधवलिया प्रखंड के बरहिमा मठिया गांव में निजी भवन में संचालित नवसृजित प्राथमिक विद्यालय को अब अपनी जमीन मिलने की उम्मीद जगी है। लंबे समय से लंबित पड़े इस मामले में अब प्रशासनिक स्तर पर तेजी दिख रही है। ग्रामीणों के अनुसार सरकारी विद्यालय भवन के लिए जमीन उपलब्ध कराने की मांग वर्षों से उठती रही है।

बताया जाता है कि पत्रकार प्रवीर कुमार पांडेय ने गांव में विद्यालय के लिए जमीन आवंटित कराने को लेकर लोक शिकायत में वाद दायर किया था, जिस पर अनुमंडल लोक शिकायत पदाधिकारी गोपालगंज ने 21 अक्टूबर 2024 को सीओ सिधवलिया को विद्यालय के पक्ष में एनओसी जारी करने का आदेश दिया था। हालांकि आदेश जारी होने के बाद भी एनओसी प्रदान नहीं की गई।

मामला दोबारा उठते ही पत्रकार प्रवीर कुमार पांडेय ने बैकुंठपुर विधायक मिथिलेश तिवारी को ज्ञापन सौंपा और विद्यालय के निर्माण हेतु जमीन उपलब्ध कराने तथा राशि की मांग की। इसके बाद विधायक ने तत्काल सीओ सिधवलिया को विद्यालय के लिए एनओसी देने का निर्देश जारी किया।

विधायक की पहल के बाद ग्रामीणों में उम्मीद जगी है कि बरहिमा मठिया में संचालित विद्यालय को जल्द ही अपनी जमीन तथा भवन उपलब्ध हो सकेगा। अब निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि सीओ सिधवलिया औपचारिक एनओसी कब तक जारी करती हैं।