गोपालगंज सदर अस्पताल में सोमवार रात विधान परिषद सदस्य राजीव कुमार ने औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने इमरजेंसी वार्ड, जांच केंद्र, दवा वितरण काउंटर समेत विभिन्न विभागों का निरीक्षण किया और चिकित्सकों व कर्मचारियों से आवश्यक जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने मरीजों से बातचीत कर इलाज और सुविधाओं को लेकर फीडबैक भी लिया। इमरजेंसी वार्ड में साफ-सफाई, बेड की उपलब्धता और ड्यूटी पर तैनात कर्मियों की उपस्थिति की जांच की गई। वहीं जांच केंद्र में मशीनों की स्थिति और रिपोर्ट मिलने में लगने वाले समय की जानकारी ली गई।

विधान परिषद सदस्य ने अस्पताल प्रशासन को निर्देश दिया कि मरीजों को समय पर बेहतर उपचार उपलब्ध कराया जाए। स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी देते हुए साफ-सफाई और दवा उपलब्धता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।