गोपालगंज जिले के उचकागांव थाना क्षेत्र के दहीभात्ता गांव में घर के पास शराब बेचने से मना करने पर दबंगों ने एक ही परिवार के तीन सदस्यों पर लाठी-डंडे से हमला कर दिया। तीनों गंभीर रूप से घायल हैं और उन्हें सदर अस्पताल रेफर किया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।उचकागांव थाना क्षेत्र के दहीभात्ता गांव में अवैध शराब बिक्री को लेकर हुए विवाद में मारपीट की गंभीर घटना सामने आई है। गांव निवासी विकास सिंह अपने भतीजे अनूप कुमार और अंशु कुमार के साथ घर के पास बैठे थे, तभी बाइक से कुछ लोग शराब लेकर वहां पहुंचे और बेचने लगे।
घर के पास शराब बेचने से मना करने पर आरोपित भड़क गए और गाली-गलौच करते हुए लाठी-डंडे से तीनों पर हमला कर दिया। मारपीट में विकास सिंह, अनूप कुमार और अंशु कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद सभी हमलावर मौके से फरार हो गए।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को पहले उचकागांव सीएचसी में भर्ती कराया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए तीनों को सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस ने घायलों का बयान दर्ज कर लिया है और आरोपितों की पहचान कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस का कहना है कि अवैध शराब के खिलाफ अभियान तेज किया जाएगा और दोषियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
