गोपालगंज जिले के उचकागांव थाना क्षेत्र के दहीभात्ता गांव में घर के पास शराब बेचने से मना करना एक परिवार के तीन लोगों को भारी पड़ गया। आरोपितों ने लाठी-डंडे से हमला कर तीनों को गंभीर रूप से घायल कर दिया। सभी घायलों को सदर अस्पताल रेफर किया गया है, जबकि पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।उचकागांव थाना क्षेत्र के दहीभात्ता गांव में मंगलवार को शराब बिक्री को लेकर हुए विवाद में एक ही परिवार के तीन सदस्यों पर जानलेवा हमला किया गया। घटना में विकास सिंह, उनके भतीजे अनूप कुमार और अंशु कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार, विकास सिंह अपने दोनों भतीजों के साथ घर के पास बैठे थे, तभी बाइक से कुछ लोग शराब लेकर वहां पहुंचे और बेचने लगे। परिवार के सदस्यों ने घर के पास शराब बेचने से मना किया, जिससे आरोपित भड़क गए। इसके बाद पड़ोस के कुछ लोगों ने गाली-गलौच करते हुए लाठी-डंडे से तीनों पर हमला कर दिया।

हमले में तीनों को गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस को सूचना दी गई और तीनों घायलों को पहले उचकागांव सीएचसी ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया।

उचकागांव थाना पुलिस ने घायलों का बयान दर्ज कर लिया है और आरोपितों की पहचान कर कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही दोषियों को गिरफ्तार किया जाएगा।