गोपालगंज।
कुचायकोट प्रखंड के रघु पट्टी गांव के युवा क्रिकेटर शोएब अख्तर ने अपनी प्रतिभा के दम पर उत्तर प्रदेश क्रिकेट टीम में जगह बनाकर जिले का नाम रोशन किया है। फास्ट बॉलर और ओपनर बल्लेबाज शोएब अख्तर वर्तमान में लखनऊ में रहकर कड़ी मेहनत और नियमित अभ्यास कर रहे हैं। उनकी लगन और प्रदर्शन को देखते हुए जगुआर कंपनी ने उन्हें 15 हजार रुपये में चुना है, जो उनकी बढ़ती पहचान का प्रमाण है।
शोएब अख्तर, डॉ. ऐनुल हक के पुत्र हैं। उनकी इस उपलब्धि से परिवार, गांव और पूरे गोपालगंज के क्रिकेट प्रेमियों में खुशी की लहर है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सीमित संसाधनों के बावजूद शोएब ने जिस तरह अपनी पहचान बनाई है, वह जिले के अन्य युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है।
गौरतलब है कि इससे पहले भी गोपालगंज ने क्रिकेट जगत को कई प्रतिभाशाली खिलाड़ी दिए हैं। मुकेश कुमार अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट टीम में देश का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं, वहीं मोहम्मद साकिब हुसैन आईपीएल में अपनी मजबूत दावेदारी पेश कर चुके हैं। इसके अलावा थावे प्रखंड के चीतू टोला निवासी अंकुश कुमार भी एसीपीएल में चयनित होकर जिले का नाम रोशन कर रहे हैं। अब शोएब अख्तर भी उभरते सितारे के रूप में सामने आ रहे हैं।
क्रिकेट प्रेमियों को उम्मीद है कि शोएब अख्तर आने वाले समय में और बड़ी उपलब्धियां हासिल कर गोपालगंज और बिहार का नाम राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन करेंगे।
