गोपालगंज।
जिले में शराबबंदी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत उत्पाद पुलिस ने अलग-अलग स्थानों से तीन शराब तस्करों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपितों के पास से भारी मात्रा में देसी शराब और दो मोटरसाइकिल जब्त की गई है।
जानकारी के अनुसार, उत्पाद पुलिस की टीम ने मांझा थाना क्षेत्र के श्रीरामपुर गांव निवासी मुन्ना कुमार को गिरफ्तार किया, जिसके पास से 44 लीटर देसी शराब बरामद हुई है। वहीं दूसरी कार्रवाई में नवादा निवासी रंजन कुमार और जादोपुर थाना क्षेत्र के गमहारिया गांव निवासी भरत यादव को पकड़ा गया। इनके पास से भी शराब के साथ दो मोटरसाइकिल जब्त की गई है, जिनका उपयोग तस्करी में किया जा रहा था।
उत्पाद विभाग ने बताया कि तीनों आरोपितों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि यह शराब कहां से लाई जा रही थी और इसके पीछे कौन सा गिरोह सक्रिय है।
