गोपालगंज में पिछले एक सप्ताह से जारी अतिक्रमण हटाओ अभियान लगातार तेज होता जा रहा है। शहर की प्रमुख सड़कों पर चल रही बुलडोजर कार्रवाई से अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मचा हुआ है। बुधवार को सातवें दिन भी नगर परिषद टीम ने पोस्ट ऑफिस चौक से मोनिया चौक होते हुए नगर थाना चौक तक सैकड़ों अवैध दुकानों, ठेलों और अवैध पार्किंग में खड़ी गाड़ियों को हटाया। कार्रवाई के दौरान कई लोगों से जुर्माना भी वसूला गया।
नगर परिषद के कार्यपालक अधिकारी अजय कुमार ने बताया कि सड़क किनारे रखे सभी अवैध ठेले, दुकानें और वाहन हटाए गए हैं। जिन लोगों ने सरकारी जमीन पर पक्का निर्माण किया था, उन्हें नोटिस जारी कर दिया गया है। नोटिस के बाद एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। अधिकारियों के अनुसार पूरे शहर से अतिक्रमण हटने तक यह अभियान जारी रहेगा।
