गोपालगंज। 13 फरवरी 2026 को समाहरणालय सभा कक्ष में जिलाधिकारी पवन कुमार सिन्हा के निर्देशानुसार जनता दरबार का आयोजन किया गया। जनता दरबार की अध्यक्षता अपर समाहर्ता राजेश्वरी पाण्डेय ने की। इस दौरान जिले के विभिन्न प्रखंडों से आए नागरिकों ने अपनी समस्याएं प्रशासन के समक्ष रखीं।

जनता दरबार में चंद्रभान गिरी, प्रखंड कुचायकोट, ग्राम बलवंत सागर ने भूमि विवाद से संबंधित मामला प्रस्तुत किया। वहीं रामबाड़ाई भगत, प्रखंड फुलवरिया, ग्राम कमलाकांत करारिया ने भूमि संबंधी समस्या से प्रशासन को अवगत कराया। इसके अतिरिक्त मालती देवी, प्रखंड गोपालगंज तथा शंभू भगत, ग्राम यादोपुर ने भी भूमि विवाद से जुड़े आवेदन प्रस्तुत किए।

अपर समाहर्ता राजेश्वरी पाण्डेय ने सभी फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को मामलों की जांच कर नियमानुसार शीघ्र निष्पादन करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जनता दरबार का उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित और पारदर्शी समाधान सुनिश्चित करना है।

इस अवसर पर वरीय उप समाहर्ता दिलीप कुमार एवं वरीय उप समाहर्ता अजय कुमार भी उपस्थित रहे और मामलों की सुनवाई में सहयोग किया।