मांझागढ़ (गोपालगंज)। महाशिवरात्रि पर्व को लेकर शुक्रवार को मांझागढ़ थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अंचल पदाधिकारी मुन्ना कुमार ने की।
बैठक में महाशिवरात्रि के दिन मंदिरों में उमड़ने वाली भीड़, जलाभिषेक, शोभायात्रा और सुरक्षा व्यवस्था पर विस्तार से चर्चा की गई। सीओ ने कहा कि पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने सभी से आपसी भाईचारा बनाए रखने और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।
थानाध्यक्ष निरंजन कुमार ने बताया कि प्रमुख मंदिरों और संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। साथ ही गश्ती व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा तथा अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी नजर रखी जाएगी।
बैठक में प्रखंड विकास पदाधिकारी विनीत कुमार ने साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, यातायात नियंत्रण और पार्किंग की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
इस अवसर पर जदयू के प्रदेश महासचिव अब्दुल अहद, भाजपा नेता संतोष सिंह, पूर्व मुखिया राधारमण मिश्रा, दीपक गिरी, जयप्रकाश प्रसाद, मुन्ना सिंह, पंचायत समिति सदस्य राजकुमार प्रसाद, उपेंद्र कुमार, राजद प्रखंड अध्यक्ष अनिल यादव सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
