गोपालगंज। प्रधान जिला जज गीता गुप्ता ने प्रेस वार्ता के दौरान आगामी 13 सितंबर को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत की सफलता को लेकर आम जनता से अपील की। उन्होंने कहा कि लोक अदालत में मामलों का निपटारा सुलह और समझौते के आधार पर किया जाता है, जिसमें न तो किसी की जीत होती है और न ही हार।

जिला जज ने बताया कि इस बार की लोक अदालत में लगभग 3800 वादों को चिन्हित किया गया है, जिनके लिए नोटिस जारी कर दिए गए हैं। इनमें से करीब 800 मामलों का निष्पादन होने की उम्मीद है। इसके अलावा, 1500 प्री-लिटिगेशन वाद भी चिन्हित किए गए हैं, जिन्हें निपटाने का प्रयास किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि जिन व्यक्तियों के पास सुलह योग्य वाद लंबित हैं और उन्हें नोटिस नहीं मिला है, वे जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव से कार्यालय में मिलकर आवेदन दे सकते हैं। साथ ही, लोक अदालत के दिन मौके पर हेल्प डेस्क पर जाकर भी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। यदि दोनों पक्ष सहमत होंगे तो उसी दिन वाद का निष्पादन किया जा सकता है, अन्यथा अगले लोक अदालत में मामले को शामिल कर लिया जाएगा।

प्रधान जिला जज ने जनता से अपील करते हुए कहा कि लोक अदालत के माध्यम से मुकदमों का निपटारा करने से दोनों पक्षों के बीच मधुर संबंध बने रहते हैं और जीवन में प्रेम-व्यवहार बनाए रखने का मार्ग प्रशस्त होता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *