गोपालगंज। जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत उत्पाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 477 लीटर शराब के साथ एक पिकअप गाड़ी जब्त की है। इस दौरान दो शराब तस्करों को भी गिरफ्तार किया गया है।

पकड़े गए आरोपियों की पहचान नारायणपुर गांव निवासी नन्हे कुमार यादव और सिसवा निवासी मनीष कुमार के रूप में की गई है। उत्पाद पुलिस ने दोनों को पकड़ी गांव के पास से गिरफ्तार किया। बताया जा रहा है कि पिकअप गाड़ी में भारी मात्रा में शराब छिपाकर तस्करी की जा रही थी।

उत्पाद पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी, जिसके आधार पर पकड़ी गांव के समीप चेकिंग अभियान चलाया गया। इसी दौरान संदिग्ध पिकअप गाड़ी को रोका गया। तलाशी के दौरान गाड़ी से 477 लीटर शराब बरामद की गई। इसके बाद दोनों आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।

उत्पाद विभाग की टीम ने पिकअप गाड़ी को जब्त कर लिया है और आरोपियों के खिलाफ बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि शराब की खेप कहां से लाई जा रही थी और कहां ले जाई जा रही थी।