गौरीबाजार। थाना क्षेत्र के एक गांव में शर्मनाक और गंभीर घटना सामने आई है। एक दलित महिला ने आरोप लगाया है कि शराब के नशे में धुत युवक ने उसके घर में घुसकर छेड़खानी की और विरोध करने पर उसके कपड़े फाड़ दिए। मामले में पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर गैर इरादतन हत्या के प्रयास समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज करते हुए एससी/एसटी एक्ट के तहत कार्रवाई की है।

पीड़िता का आरोप है कि देवानंद यादव शराब के नशे में उसके घर में जबरन घुस आया। घर में अकेला पाकर उसने अश्लील हरकतें शुरू कर दीं और जबरदस्ती करने लगा। महिला द्वारा विरोध किए जाने पर आरोपी ने उसके कपड़े फाड़ दिए।

शोर सुनकर गोशाला से बचाने पहुंची महिला की मां पर भी आरोपी ने हमला कर दिया। आरोप है कि उसने गाली-गलौज करते हुए ईंट से सिर पर प्रहार किया, जिससे महिला की मां गंभीर रूप से घायल हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन उससे पहले आरोपी फरार हो गया। आरोप है कि फरार होने के बाद वह दोबारा घर में घुस आया और पीड़िता को जान से मारने की धमकी दी। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और आरोपी की तलाश में दबिश दी जा रही है।