सलेमपुर। नगर में जाम की समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है। हालात ऐसे हैं कि दो दिनों से एंबुलेंस तक जाम में फंस रही हैं। सबसे अधिक परेशानी सुबह के समय मालगोदाम के पास देखने को मिल रही है, जहां सब्जी विक्रेता सड़क किनारे दुकानें सजा लेते हैं। इसके साथ ही ई-रिक्शा, ठेले और चारपहिया वाहनों की अव्यवस्थित पार्किंग से सड़क संकरी हो जाती है, जिससे जाम लगना आम हो गया है। कई बार वाहन रेंगते हुए नजर आते हैं।
गांधी चौक से स्टेशन होते हुए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तक सड़क की दोनों पटरियों पर अतिक्रमण और चालकों की मनमानी ने स्थिति और बिगाड़ दी है। रविवार की सुबह जाम के चलते मरीज को अस्पताल ले जा रही एक एंबुलेंस करीब आधे घंटे तक फंसी रही, जिससे मरीज और परिजनों की सांसें अटक गईं।
कुछ दिन पहले जाम के कारण एक युवक को अपनी बीमार बहन को गोद में उठाकर अस्पताल तक ले जाना पड़ा था, जिसकी तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हुई थी। इसके बाद दिशा श्रीवास्तव और मनोज कुमार ने मौके पर पहुंचकर अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए थे।
हालांकि तहसील प्रशासन और नगर पंचायत द्वारा पहले भी कई बार संयुक्त अभियान चलाया गया, लेकिन स्थायी समाधान नहीं निकल सका। कार्रवाई के कुछ ही दिनों बाद फिर सड़क किनारे दुकानें लग जाती हैं। लोगों ने प्रशासन से नियमित निगरानी, ठोस यातायात व्यवस्था और अतिक्रमण पर सख्ती की मांग की है, ताकि सलेमपुर को जाम की समस्या से निजात मिल सके।
