देवरिया, 24 अक्तूबर 2025।
लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह से सक्रिय है। जिलाधिकारी श्रीमती दिव्या मित्तल ने शुक्रवार को शहर के विभिन्न पोखरों और घाटों का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने परमार्थी पोखरा, राघव नगर स्थित हनुमान मंदिर परिसर और हाथीकुंड पोखरा, देवरिया खास का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि घाटों की साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी भी तरह की असुविधा न हो।

डीएम ने विभागीय अधिकारियों को बैरिकेडिंग, जलस्तर नियंत्रण, बचाव दल की तैनाती, प्राथमिक चिकित्सा व्यवस्था और लाउडस्पीकर पर भक्ति संगीत प्रसारण की उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालु छठ पूजा शांतिपूर्ण और धार्मिक माहौल में संपन्न कर सकें, यह प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि पर्व के दौरान आतिशबाजी पर प्रतिबंध रहेगा, ताकि श्रद्धालुओं में किसी प्रकार की असुरक्षा या भय का वातावरण न बने। डीएम ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य कर छठ पर्व की तैयारियों को सफल बनाने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जॉइंट मजिस्ट्रेट/एसडीएम सदर श्रुति शर्मा, नगर पालिका परिषद देवरिया के अधिशासी अधिकारी संजय तिवारी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।