थावे। प्रसिद्ध शक्तिपीठ थावे दुर्गा मंदिर में शुक्रवार को कुचायकोट थाना क्षेत्र के सासामुसा निवासी एवं आरा मशीन संचालक ध्रुप प्रसाद ने अपने परिवार के साथ श्रद्धा भाव से दुर्गा मां को चांदी की छतरी अर्पित की। इस अवसर पर मंदिर परिसर भक्तिमय माहौल से सराबोर रहा।

चांदी की छतरी अर्पित किए जाने के दौरान विधिवत वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना की गई। श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा की जयकारे लगाए, जिससे पूरा मंदिर परिसर गूंज उठा। ध्रुप प्रसाद ने बताया कि मां दुर्गा की कृपा से परिवार में सुख-समृद्धि बनी रहे, इसी भावना से यह अर्पण किया गया है।

मौके पर मंदिर न्यास समिति के प्रबंधक अमरेंद्र दुबे, मंदिर के पुजारी सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। मंदिर प्रबंधन की ओर से इस पुण्य कार्य के लिए श्रद्धालु और उनके परिवार की सराहना की गई। मंदिर प्रशासन ने कहा कि भक्तों की आस्था और विश्वास ही थावे शक्तिपीठ की पहचान है।