गोपालगंज। जिले के बैकुंठपुर थाना क्षेत्र के हमीदपुर गांव की सीएसपी संचालिका माला कुमारी ने लूट के प्रयास को लेकर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। पीड़िता ने इस दौरान अपनी जान को खतरा बताते हुए हत्या की आशंका भी जताई है। घटना गुरुवार की बताई जा रही है, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, माला कुमारी दिघवा दुबौली स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की शाखा से रुपये निकालकर अपने सीएसपी केंद्र राजापट्टी कोठी बाजार जा रही थीं। इसी दौरान पहले से घात लगाए बदमाशों ने अचानक उन पर हमला कर दिया और रुपये से भरा थैला छीनने का प्रयास किया। माला कुमारी ने साहस दिखाते हुए शोर मचाया, जिसके बाद आसपास लोगों की आवाजाही बढ़ गई। लोगों को आते देख बदमाश मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद सीएसपी संचालिका बुरी तरह दहशत में हैं। प्राथमिकी में उन्होंने बताया कि उनका परिवार पहले से ही आपराधिक घटनाओं से पीड़ित रहा है। वर्ष 2022 में लूटपाट के दौरान उनके पति की हत्या कर दी गई थी। ऐसे में दोबारा इस तरह की घटना से वह और उनका परिवार गंभीर मानसिक तनाव में है।
सूचना मिलने के बाद बैकुंठपुर थाना पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस का कहना है कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और संदिग्धों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। साथ ही क्षेत्र में पुलिस गश्त भी बढ़ा दी गई है। स्थानीय लोगों ने सीएसपी संचालकों और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
