गोपालगंज। शहर के बंजारी रोड स्थित पुलिस लाइन परिसर में पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर दंगा नियंत्रण के लिए चार विशेष कंपनियों का गठन किया गया है। यह गठन लाइन डीएसपी की मौजूदगी में किया गया। इन कंपनियों का उद्देश्य किसी भी आपात या गंभीर स्थिति में भीड़ को नियंत्रित करना और जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखना है।
शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक विनय तिवारी स्वयं पुलिस लाइन परिसर पहुंचे और दंगा नियंत्रण के लिए गठित चारों कंपनियों के जवानों से बातचीत की। उन्होंने जवानों का मनोबल बढ़ाते हुए उन्हें अपने कर्तव्यों के प्रति पूरी तरह सजग और सतर्क रहने का निर्देश दिया। एसपी ने कहा कि त्योहारों के दौरान थोड़ी सी लापरवाही भी बड़ी घटना का कारण बन सकती है, इसलिए सभी जवान पूरी मुस्तैदी के साथ ड्यूटी निभाएं।
एसपी विनय तिवारी ने विशेष रूप से सरस्वती पूजा विसर्जन को लेकर सख्ती बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि विसर्जन जुलूस के दौरान डीजे, अश्लील गानों और किसी भी प्रकार के हुड़दंग पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ तत्काल और सख्त कार्रवाई की जाएगी।
दंगा नियंत्रण कंपनियों को आधुनिक उपकरणों से लैस किया गया है, ताकि आवश्यकता पड़ने पर स्थिति पर तुरंत काबू पाया जा सके। जवानों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और किसी भी संवेदनशील स्थिति की सूचना तुरंत वरीय अधिकारियों को देने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस प्रशासन ने शहर के संवेदनशील इलाकों पर विशेष नजर रखने की योजना भी बनाई है। पूजा विसर्जन के दौरान अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती के साथ गश्त बढ़ाई जाएगी। पुलिस ने आम नागरिकों से शांतिपूर्ण ढंग से पूजा और विसर्जन संपन्न कराने में सहयोग की अपील की है।
