गोपालगंज। जिले के महम्मदपुर थाना क्षेत्र के काशी टेंग्राही गांव के समीप शुक्रवार की सुबह सड़क हादसे में एक अज्ञात युवक की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने के बाद महम्मदपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच की। इसके बाद शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया।

जानकारी के अनुसार, काशी टेंग्राही गांव के पास अज्ञात वाहन की चपेट में आने से युवक की मौत हो गई। सड़क किनारे शव पड़े होने की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग घटनास्थल पर जुट गए और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव की पहचान कराने का प्रयास किया और मौजूद लोगों से पूछताछ भी की, लेकिन युवक के बारे में कोई ठोस जानकारी नहीं मिल सकी।

पुलिस ने मृतक की पहचान सुनिश्चित करने के लिए आसपास के क्षेत्रों में भी पूछताछ शुरू कर दी है। शुक्रवार देर शाम तक युवक की पहचान नहीं हो पाई थी। इसके बाद पुलिस ने सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम कराने के उपरांत शव को पहचान के लिए सुरक्षित रख दिया है। पुलिस के अनुसार, मृत युवक के शव को 72 घंटे तक अपने पास रखा जाएगा, ताकि उसकी पहचान होने पर शव को परिजनों के हवाले किया जा सके।

महम्मदपुर थाना पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि यदि किसी को भी मृत युवक के संबंध में कोई जानकारी हो, तो तत्काल थाने को सूचित करें, ताकि परिजनों तक सूचना पहुंचाई जा सके।