गोपालगंज। सिधवलिया थाना क्षेत्र के बरहिमा गांव के समीप एनएच-27 पर शुक्रवार को एक अनियंत्रित ट्रक ने ऑटो में जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में ऑटो में सवार पांच यात्री गंभीर रूप से जख्मी हो गए। घटना के बाद अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के अनुसार, महम्मदपुर थाना क्षेत्र के महम्मदपुर चौक से एक ऑटो चालक यात्रियों को लेकर मिर्जापुर की ओर जा रहा था। जैसे ही ऑटो बरहिमा गांव के समीप पहुंची, पीछे से आ रही एक अनियंत्रित ट्रक ने उसमें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि ऑटो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

हादसे में ऑटो सवार बैकुंठपुर थाना क्षेत्र के दिघवा गांव निवासी अनिता कुंवर, महम्मदपुर थाना क्षेत्र के महम्मदपुर पुरानी बाजार निवासी विभा कुमारी, लक्ष्मण कुमार और विशाल कुमार समेत पांच यात्री घायल हो गए। घटना के बाद एनएचआई की एंबुलेंस की सहायता से सभी घायलों को आनन-फानन में सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।

हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि फरार ट्रक और उसके चालक की पहचान की जा सके।