थावे प्रखंड में मुहर्रम का पर्व पूरे गरिमामय और शांतिपूर्ण माहौल में सम्पन्न हुआ।
शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए दंडाधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी।
इस आयोजन में हर वर्ग के लोगों ने सक्रिय भागीदारी दिखाई, जिससे उत्सव के दौरान अनुशासन और श्रद्धा दोनों का समावेश देखने को मिला।
जगमलवा, बेदूटोला, सेमरा उत्तर टोला, रिखईटोला और चितुटोला गांवों से निकले जुलूसों का मिलन थावे बस स्टैंड पर हुआ।
वहीं वृंदावन गांव से निकला जुलूस थावे बाजार में आकर शामिल हुआ।
जुलूस में शामिल युवकों ने पारंपरिक शस्त्रों के साथ वीरता और परंपरा का प्रदर्शन किया, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग उमड़े।
थावे बस स्टैंड पर जुलूस के कारण सड़कों के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
चितुटोला और रिखईटोला से आए ताजिया जुलूस में ट्रैंक, लाल किला, राफेल, कुतुब मीनार और मिसाइल जैसी झांकियों ने दर्शकों को आकर्षित किया।
सभी जुलूस थावे बस स्टैंड होते हुए स्टेशन चौक पहुंचे, जहां आरपीएफ और जीआरपी की तैनाती रही।
शौर्य प्रदर्शन के बाद जुलूस शांतिपूर्वक अपने गांवों को लौट गए।
अमेठी खुर्द, अमैठी कला, केशवपुर, गोपलामठ और मिरलीपुर से निकले जुलूसों का मिलन कबिलासपुर बाजार में हुआ।
यहां भी युवाओं द्वारा पारंपरिक शौर्य का प्रदर्शन किया गया।
भीड़ और सुरक्षा को लेकर प्रशासन सतर्क रहा और व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में रही।
सुरक्षा और व्यवस्था में प्रशासनिक टीम पूरी ताकत से मौजूद रही।
सीओ कुमारी रूपम शर्मा, बीडीओ अजय प्रकाश राय, थानाध्यक्ष हरेराम कुमार, अपर थानाध्यक्ष जितेंद्र कुमार, एसआई सत्यम प्रताप, सुनील कुमार यादव, अवधेश कुमार, एएसआई नीरज कुमार पांडेय, पवन कुमार, महिला थानाध्यक्ष अलका शर्मा व शशि सपना सहित भारी संख्या में पुलिसकर्मी डटे रहे।
भीड़ नियंत्रण में एजाजुल हक, शमशुल हक, अजीमुल हक, मोहम्मद सतार, शोहराब आलम, इफ्तेखार अहमद, सरपंच विमलेश पांडेय, उमेश यादव सहित कई जनप्रतिनिधियों ने अहम भूमिका निभाई।
