देवरिया शहर से सात किलोमीटर दूर स्थित अहिल्यापुर रेलवे स्टेशन क्षेत्र जल्द ही विकास के नए केंद्र के रूप में उभरने जा रहा है। यहां रेक प्वाइंट की स्वीकृति और राष्ट्रीय राजमार्ग बाईपास को मंजूरी मिलने से इलाके की तस्वीर तेजी से बदलने की उम्मीद है।
देवरिया सदर रेलवे स्टेशन का रेक प्वाइंट अहिल्यापुर स्थानांतरित किए जाने से स्टेशन का कायाकल्प होगा। इससे खाद्यान्न, सीमेंट, उर्वरक और कोयले जैसी सामग्रियों की आवाजाही सुगम होगी, जिसका लाभ देवरिया सहित आसपास के जिलों को मिलेगा।
एनएच बाईपास के निर्माण से शहर में यातायात दबाव कम होगा और अहिल्यापुर की सीधी कनेक्टिविटी राष्ट्रीय राजमार्ग से जुड़ जाएगी। इन परियोजनाओं के चलते क्षेत्र में निवेश बढ़ रहा है और जमीन की कीमतों में भी तेजी से इजाफा देखा जा रहा है।
