देवरिया। गोरखपुर से इंटरसिटी एक्सप्रेस ट्रेन से यात्रा कर रहे एक यात्री के साथ छिनैती में असफल होने पर बदमाशों ने चलती ट्रेन से धक्का दे दिया। घटना गुरुवार देर रात तुर्तीपार स्टेशन के समीप हुई, जिसमें यात्री गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल का उपचार प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भागलपुर में चल रहा है।
घायल की पहचान प्रभात रंजन मिश्र, निवासी धकपुरा गांव, थाना लार क्षेत्र के रूप में हुई है। पीड़ित के अनुसार वह गोरखपुर से इंटरसिटी एक्सप्रेस से सफर कर रहे थे। ट्रेन तुर्तीपार स्टेशन पर नहीं रुकती है, इसलिए वे बेल्थरा रोड स्टेशन तक जाने के लिए उसी ट्रेन में सवार थे, जहां उतरकर डेमू ट्रेन से तुर्तीपार आने की योजना थी।
इसी दौरान जब ट्रेन तुर्तीपार के समीप पहुंची, तभी चार-पांच की संख्या में मौजूद बदमाशों ने उनके साथ छिनैती का प्रयास किया। विरोध करने पर बदमाशों ने उन्हें चलती ट्रेन से धक्का दे दिया। ट्रेन से गिरने के कारण वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल पीएचसी भागलपुर लाया गया, जहां चिकित्सकों के अनुसार उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। अस्पताल कर्मियों ने बताया कि इस रेलखंड पर इस प्रकार की यह तीसरी घटना है, जिससे यात्रियों में भय का माहौल है।
इस संबंध में जीआरपी भटनी के थानाध्यक्ष बीबी राजभर ने बताया कि उन्हें घटना की जानकारी नहीं थी, मामले की जानकारी कराई जा रही है। उन्होंने बताया कि पांच जनवरी को भी तुर्तीपार के पास ट्रेन से गिरने की एक घटना हुई थी।
