देवरिया। महुआडीह थाना क्षेत्र के भटनी बुजुर्ग गांव के पास बृहस्पतिवार सुबह गेहूं के खेत में एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। खेतों की ओर निकले ग्रामीणों ने शव देखा तो इसकी सूचना पुलिस को दी।

बताया गया कि भटनी बुजुर्ग गांव के पिपरहिया टोला के लोग सुबह खेतों की तरफ जा रहे थे। गेहूं के खेत में एक युवक को गिरा पड़ा देखकर पहले लोगों को लगा कि ठंड लगने से वह खेत में गिर गया है, लेकिन पास जाकर देखने पर उसकी मौत हो चुकी थी। यह देख ग्रामीणों ने शोर मचाया, जिससे मौके पर भीड़ जुट गई।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच की। शव के पास से एक मोबाइल फोन बरामद हुआ, जो बंद था। पुलिस ने सिम कार्ड को दूसरे मोबाइल में डालकर जांच की। इसी दौरान मोबाइल पर आए फोन से मिली जानकारी के आधार पर परिजनों को सूचित किया गया।

थाने पहुंचे परिजनों ने शव की शिनाख्त सुरैल मियां (30) पुत्र मुन्ना मियां, निवासी जसका चुड़ीहरवा, थाना रामनगर, जिला पश्चिम चंपारण के रूप में की। परिजनों ने बताया कि सुरैल मियां करीब एक सप्ताह पहले घर से निकले थे।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मौत के कारणों की जांच की जा रही है।