मदनपुर। ससुराल से घर लौट रहे बाइक सवार युवक और उसकी पत्नी के साथ मारपीट के मामले में पुलिस ने बृहस्पतिवार को आरोपी के विरुद्ध मारपीट व दलित उत्पीड़न की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है।
बेलुआरघाट गांव निवासी शैलेंद्र प्रसाद ने पुलिस को दिए शिकायती पत्र में बताया कि वह 19 दिसंबर को पत्नी मीरा के साथ बाइक से ससुराल से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान नकईल गांव के समीप विपरीत दिशा से आ रहे एक युवक की बाइक से टक्कर हो गई। टक्कर के बाद कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई।
आरोप है कि विवाद के दौरान युवक ने शैलेंद्र प्रसाद और उनकी पत्नी के साथ मारपीट की। घटना के बाद पीड़ित ने पुलिस से शिकायत की। मामले की जांच के बाद पुलिस ने नकईल गांव निवासी प्रदीप गुप्ता के खिलाफ मारपीट एवं दलित उत्पीड़न से संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
