देवरिया में नेत्र परीक्षण शिविर, 26 मोतियाबिंद मरीज चिन्हित

देवरिया। पथरदेवा ब्लॉक के आयुष्मान आरोग्य मंदिर बंजरिया में स्वास्थ्य विभाग की ओर से नेत्र परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम के तहत गठित पीएसपी (पेशेंट स्टेक होल्डर प्लेटफार्म) सदस्यों ने सक्रिय भूमिका निभाई।

शिविर में डॉ. विजय मल्ल द्वारा कुल 113 लोगों का नेत्र परीक्षण किया गया, जिसमें 26 लोगों को मोतियाबिंद की सर्जरी के लिए चिन्हित किया गया। अन्य नेत्र समस्याओं से पीड़ित 31 लोगों को निशुल्क चश्मा तथा 87 लोगों को आई ड्रॉप और आवश्यक दवाएं वितरित की गईं।

प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. प्रभात रंजन ने बताया कि राष्ट्रीय अंधता नियंत्रण कार्यक्रम के तहत जिलाधिकारी दिव्या मित्तल एवं मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. अनिल गुप्ता के निर्देशन में चयनित गांवों में लगातार नेत्र शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। चिन्हित मोतियाबिंद मरीजों की सर्जरी स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से निशुल्क कराई जाएगी।

शिविर में सीएचओ, ग्राम प्रधान, एएनएम, आशा, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, वालेंटियर एवं पीएसपी सदस्यों की सक्रिय सहभागिता रही।