देवरिया। लखनऊ स्थित दो फर्मों द्वारा देवरिया जनपद की चार दवा दुकानों को कोडिन युक्त कफ सिरप और नशे में प्रयुक्त ट्रामाडॉल टेबलेट की सप्लाई किए जाने का मामला सामने आया है। इनमें तीन दुकानें देवरिया शहर में जबकि एक दुकान भाटपाररानी क्षेत्र में संचालित है। तीन दुकानों की जांच में यह पाया गया कि मंगाई गई दवाओं की बिक्री से संबंधित कोई रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं है। जिसके बाद सहायक आयुक्त औषधि कार्यालय ने नोटिस जारी करते हुए तीन दिनों में जवाब मांगा है। तय समयसीमा में जवाब न देने पर लाइसेंस निलंबन एवं प्राथमिकी दर्ज होने की संभावना जताई गई है।
सूत्रों के अनुसार लखनऊ की दो फर्मों से हाल ही में प्रदेश के कई जिलों में इस तरह की दवाओं की सप्लाई की गई है, जिसकी जांच जारी है। गोरखपुर सहित अन्य जिलों में भी ऐसी खेप भेजे जाने की जानकारी मिली है। देवरिया में जिन दुकानों को दवाएं भेजी गईं, उनमें से एक दुकान का लाइसेंस पहले से निलंबित है और दुकान बंद है, इसलिए रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं हो सका। आशंका जताई जा रही है कि इन दवाओं को बिहार बॉर्डर के रास्ते आगे सप्लाई किया गया होगा।
