जनपद में नवागत अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) के रूप में प्रेम नारायण सिंह ने 02 जनवरी 2026 को विधिवत रूप से कार्यभार ग्रहण कर लिया। कार्यभार संभालते ही उन्होंने स्पष्ट किया कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक समय से पहुँचाना और प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता बनाए रखना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।

नवागत एडीएम ने कहा कि फाइलों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा, ताकि पीड़ितों को शीघ्र न्याय मिल सके। उन्होंने जनसुनवाई को प्रभावी बनाने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि शिकायतों का समाधान केवल कागजों तक सीमित न रहकर धरातल पर दिखाई देना चाहिए।

पूर्व में अयोध्या तीर्थ विकास परिषद में संयुक्त मुख्य कार्यपालक अधिकारी (Joint CEO) के रूप में कार्य कर चुके श्री सिंह का प्रशासनिक अनुभव व्यापक रहा है। अयोध्या में तीर्थ विकास, अधोसंरचना सुदृढ़ीकरण एवं शासन की महत्वपूर्ण परियोजनाओं के सफल क्रियान्वयन में उनकी भूमिका उल्लेखनीय रही है। उनके इस अनुभव से देवरिया जनपद को भी विकास की नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

कार्यभार ग्रहण के बाद कार्यालयीन कार्यों की समीक्षा करते हुए उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि राजस्व एवं प्रशासनिक मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। तहसील एवं ब्लॉक स्तर पर अनावश्यक विलंब करने वाले कर्मियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

नवागत एडीएम ने कहा कि प्रशासन को आम जनता के लिए अधिक सुलभ बनाया जाएगा। जनहित को सर्वोपरि रखते हुए पारदर्शिता, जवाबदेही और कानून-व्यवस्था को मजबूत कर जनपद के सर्वांगीण विकास के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे।