समग्र शिक्षा एवं निपुण भारत मिशन के अंतर्गत बृहस्पतिवार को ब्लॉक संसाधन केंद्र (बीआरसी) लार में ब्लॉक स्तरीय संगोष्ठी एवं उन्मुखीकरण कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान विज्ञान क्विज प्रतियोगिता में सफल रहे 29 विद्यार्थियों को मुख्य अतिथि द्वारा प्रमाणपत्र एवं मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया। वहीं शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर कार्य करने वाले पांच ग्राम प्रधानों को खंड शिक्षा अधिकारी द्वारा सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का उद्देश्य स्थानीय निकाय प्रतिनिधियों, ग्राम प्रधानों और प्रधानाध्यापकों को शिक्षा से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों, लक्ष्यों और योजनाओं के प्रति उन्मुख करना रहा। संगोष्ठी को संबोधित करते हुए खंड विकास अधिकारी रमेश चंद्र मिश्रा ने ऑपरेशन कायाकल्प के तहत ब्लॉक के सभी विद्यालयों को मूलभूत सुविधाओं के 19 निर्धारित मानकों पर संतृप्त करने की आवश्यकता पर जोर दिया।

खंड शिक्षा अधिकारी अमित सिंह ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों और शिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि निपुण भारत मिशन का लक्ष्य बच्चों की बुनियादी साक्षरता और संख्यात्मक ज्ञान को मजबूत करना है, जिसमें सभी की सहभागिता आवश्यक है।

कार्यशाला के सफल आयोजन से शिक्षकों और जनप्रतिनिधियों में शिक्षा सुधार को लेकर सकारात्मक संदेश गया।