ब्लॉक संसाधन केंद्र पर बुधवार को राष्ट्रीय आविष्कार अभियान के अंतर्गत क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता दो चरणों में संपन्न हुई, जिसमें पूर्व माध्यमिक विद्यालय बागापार की छात्रा अंशिका पटेल ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया।
प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच दयानंद (यूपीएस अकटहा) ने द्वितीय स्थान तथा यूपीएस लबकनी की निशा मौर्या ने तृतीय स्थान हासिल किया। परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन करने वाले कुल पांच विद्यार्थियों का चयन जिलास्तरीय विज्ञान प्रतियोगिता के लिए किया गया है।
कार्यक्रम के दौरान खंड शिक्षा अधिकारी विनयशील मिश्र ने सफल प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। उन्होंने छात्रों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच और नवाचार की भावना को बढ़ावा देती हैं।
प्रतियोगिता के सफल आयोजन से शिक्षकों और अभिभावकों में भी प्रसन्नता देखी गई।
