खसरा, खतौनी सहित अन्य राजस्व अभिलेखों को दुरुस्त कर विकास खंड तरकुलवा की ग्राम पंचायत मोगलपुरा को राजस्व विभाग का मॉडल गांव बनाने की तैयारी शुरू कर दी गई है। इसके लिए सदर उप जिलाधिकारी Shruti Sharma और तहसीलदार K K Mishra गांव पहुंचकर ग्रामीणों की समस्याओं से रूबरू हुए।
एसडीएम श्रुति शर्मा की पहल पर गांव में खसरा, खतौनी, घरौली, अभिलेखों में नाम की त्रुटि, हिस्सा-बंटवारा जैसी लंबे समय से चली आ रही समस्याओं के समाधान के लिए मौके पर ही कार्रवाई का निर्णय लिया गया। आए दिन इन मुद्दों को लेकर ग्रामीणों को ब्लॉक, तहसील और समाधान दिवस के चक्कर लगाने पड़ते थे।
मामले की गंभीरता को देखते हुए उप जिलाधिकारी ने राजस्व अभिलेखों में लिपिकीय त्रुटियों को दुरुस्त कर मॉडल गांव बनाने का निर्देश दिया। इसके तहत हल्का लेखपाल और कानूनगो को तैनात कर गांव में ही खसरा–खतौनी सहित अन्य अभिलेखों की गलतियों को ठीक करने का कार्य शुरू कराया गया है। इससे ग्रामीणों में खुशी का माहौल है और अब उन्हें बार-बार शहर नहीं जाना पड़ेगा।
ग्राम प्रधान Imran Siddiqui ने इसे सरकार की सराहनीय पहल बताते हुए कहा कि गांव में अल्पसंख्यक समाज की आबादी अधिक है और इस पहल से सभी ग्रामीणों को सीधा लाभ मिलेगा।
