देवरिया में अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) आनंद कुमार पांडेय द्वारा कोतवाली थाने का वार्षिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना परिसर की समग्र व्यवस्था, कार्यालय अभिलेखों के रख-रखाव, मालखाना प्रबंधन, हवालात की सुरक्षा व्यवस्था, मिशन शक्ति केंद्र और साफ-सफाई की स्थिति का गहन अवलोकन किया।

निरीक्षण के क्रम में एएसपी ने थाना कार्यालय में विभिन्न रजिस्टरों, अपराध पंजिका, लंबित विवेचनाओं और अन्य अभिलेखों की बारीकी से समीक्षा की। उन्होंने थानों पर पड़े पुराने माल-मुकदमाती और अन्य जब्त सामान के निस्तारण की स्थिति की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों को विधिक प्रावधानों के अनुरूप समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मालखाना में रखे माल की सूची, अभिलेखीकरण और सुरक्षा व्यवस्था को व्यवस्थित बनाए रखने पर भी विशेष बल दिया गया।

इसके साथ ही विवेचकों के साथ बैठक कर विवेचनाओं की प्रगति की जानकारी ली गई और मामलों के समयबद्ध एवं गुणवत्तापरक निस्तारण के निर्देश दिए गए। हवालात का निरीक्षण करते हुए बंदियों की सुरक्षा, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता की जांच की गई।

निरीक्षण के दौरान मेस और बैरक की साफ-सफाई तथा अनुशासन की स्थिति का भी जायजा लिया गया। शस्त्रागार में उपलब्ध शस्त्रों की साफ-सफाई, रख-रखाव और नियमित परीक्षण की समीक्षा करते हुए उन्हें मानक के अनुसार सुरक्षित और कार्यशील स्थिति में रखने के निर्देश दिए गए।

इसके अलावा सीसीटीएनएस कार्यालय का निरीक्षण कर अपराध संबंधी सूचनाओं की ऑनलाइन प्रविष्टि, डेटा अपडेट की स्थिति और तकनीकी दक्षता की भी समीक्षा की गई। इस दौरान प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार राय सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।