देवरिया जिले के सलेमपुर क्षेत्र के कई लोग इन दिनों खाड़ी देशों में रह रहे हैं, जहां मौजूदा हालात के कारण दहशत का माहौल बना हुआ है। नोनापार गांव के रहने वाले अरविंद तिवारी इन दिनों दोहा (कतर) के रसला फान इलाके में रहते हैं। उन्होंने बताया कि पिछले छह दिनों से वे कमरे में ही रह रहे हैं और बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। आसपास मिसाइल गिरने की घटनाओं से लोग सहमे हुए हैं, हालांकि फिलहाल वे सुरक्षित हैं।

डूमवलियां गांव के रहने वाले अमित कुमार तिवारी भी दोहा में ही रह रहे हैं। उन्होंने बताया कि अभी वहां उन्हें कोई खास परेशानी नहीं है। वहीं सलेमपुर के स्टेशन रोड के निवासी सुधीर कुमार मद्देशिया सऊदी अरब में हैं और उन्होंने बताया कि फिलहाल वहां स्थिति सामान्य है।

शामपुर के रहने वाले नदीम खान दुबई में काम करते हैं। उन्होंने बताया कि फ्लाइट बंद होने के कारण फिलहाल उनकी घर वापसी संभव नहीं हो पा रही है। वहीं मलकौली गांव के अमित पांडेय आबूधाबी में रहते हैं। उन्होंने बताया कि खलीफा पोर्ट के पास मिसाइल गिरने की घटना हुई थी, लेकिन वे लोग सुरक्षित हैं।

पुरैना गांव के हेमंत दुबे और भटनी क्षेत्र के उसका गांव के संतोष राय भी दुबई में रहते हैं। उनका कहना है कि युद्ध जैसी स्थिति बनने के बाद से लोगों में डर का माहौल है और बाहर निकलना भी कम हो गया है।

लार के रहने वाले मुहम्मद रसीद ने बताया कि वहां फोटो लेना और वीडियो बनाना प्रतिबंधित है। वीडियो बनाने पर दो लाख रुपये तक का जुर्माना लगाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि धमाकों से डर जरूर लग रहा है, लेकिन उम्मीद है कि जल्द ही हालात सामान्य हो जाएंगे।