यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा 2025 के परिणाम में देवरिया जिले के युवाओं ने शानदार प्रदर्शन किया है। तरकुलवा नगर पंचायत के वार्ड नंबर-14 मीराबाई नगर निवासी टेंपो चालक सुरेंद्र मिश्रा के बेटे अनिल मिश्रा ने 445वीं रैंक हासिल कर आईएएस बनने का गौरव प्राप्त किया है।

अनिल मिश्रा को यह सफलता दूसरे प्रयास में मिली है। उन्होंने बिना किसी कोचिंग के घर पर रहकर सेल्फ स्टडी के माध्यम से यूपीएससी की तैयारी की और अपनी मेहनत व लगन से यह मुकाम हासिल किया।

मूल रूप से कुशीनगर जिले के फाजिलनगर विकास खंड के रहसू जनोबीपट्टी गांव निवासी सुरेंद्र मिश्रा पिछले करीब 30 वर्षों से तरकुलवा कस्बे में मंडी परिसर के पीछे आवास बनाकर रहते हैं। वह टेंपो चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। आर्थिक तंगी के बावजूद उन्होंने अपने बच्चों की पढ़ाई में कभी कमी नहीं आने दी।

अनिल मिश्रा ने वर्ष 2017 में विद्या मंदिर देवरिया से हाईस्कूल और 2019 में इंटरमीडिएट की परीक्षा पास की थी। इसके बाद उन्होंने वर्ष 2022 में रमेश चंद्र राव नवतप्पी महाविद्यालय रामपुरगढ़ से बीए की पढ़ाई पूरी की। इसके बाद उन्होंने यूपीएससी की तैयारी शुरू की। वर्ष 2024 में वह साक्षात्कार तक पहुंचे थे और वर्ष 2025 में उन्होंने 445वीं रैंक हासिल कर आईएएस बनने का सपना पूरा कर लिया।

परिवार में अनिल सबसे छोटे बेटे हैं। उनके बड़े भाई श्रवण मिश्रा बीएसएफ में तैनात हैं, जबकि दूसरे भाई अभय मिश्रा इनकम टैक्स विभाग में अधिकारी हैं।

अनिल मिश्रा की सफलता की खबर मिलते ही तरकुलवा कस्बे स्थित उनके घर पर बधाई देने वालों का तांता लग गया। भाजपा के पूर्व क्षेत्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र प्रताप राव, नगर पंचायत अध्यक्ष जनार्दन कुशवाहा, भाजपा मंडल अध्यक्ष दुष्यंत राव सहित कई लोगों ने उन्हें बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।