यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा 2025 के घोषित परिणाम में देवरिया जिले के युवाओं ने शानदार प्रदर्शन किया है। बरहज क्षेत्र के खजुरी भट्ट गांव की समीक्षा ने 56वीं रैंक हासिल कर क्षेत्र का मान बढ़ाया है, जबकि भेड़ापाकड़ गांव के डॉ. रवि श्रीवास्तव ने 371वीं रैंक प्राप्त की है। दोनों की सफलता पर क्षेत्र के लोगों ने खुशी जताई है।
खजुरी भट्ट निवासी कृष्णचंद्र मिश्र उर्फ पप्पू की बहू समीक्षा ने दूसरी बार में यूपीएससी परीक्षा में 56वीं रैंक हासिल की है। परिजनों के अनुसार इससे पहले वह बैंक ऑफ इंडिया में पीओ के पद पर कार्य कर चुकी हैं और एक दिन के लिए केनरा बैंक में भी पीओ पद पर कार्य किया था। नौ मार्च को उन्हें मिनिस्ट्री ऑफ कॉमर्स में डिप्टी मैनेजर पद पर ज्वाइन करना था। उनके पति सुमित मिश्रा बैंक अधिकारी हैं।
समीक्षा की शिक्षा-दीक्षा कानपुर आईआईटी और बेंगलुरु से हुई है। वह अपनी सफलता का श्रेय अपनी माता सुनीता देवी, पिता एसएन द्विवेदी, सास रेखा मिश्रा और ससुर कृष्णचंद्र मिश्र को दे रही हैं।
वहीं भेड़ापाकड़ निवासी सुरेंद्र लाल श्रीवास्तव और आशा देवी के बेटे डॉ. रवि श्रीवास्तव ने यूपीएससी परीक्षा में 371वीं रैंक हासिल की है। उन्होंने देवरिया से प्रारंभिक शिक्षा प्राप्त करने के बाद जर्मनी से रसायन विज्ञान में पीएचडी की डिग्री हासिल की है।
रवि श्रीवास्तव की ससुराल गोरखपुर में है। उनके ससुराल के पास वरिष्ठ शिक्षक नेता दीप्तिमान श्रीवास्तव का आवास है। उनके ससुराल पक्ष में कई लोग प्रशासनिक सेवाओं में कार्यरत रहे हैं। वर्ष 2012 बैच के पीसीएस टॉपर अभिनव रंजन श्रीवास्तव गोरखपुर के सिटी मजिस्ट्रेट रह चुके हैं, जबकि गौरव रंजन श्रीवास्तव वरिष्ठ पीसीएस अधिकारी हैं और कीर्तिमान श्रीवास्तव प्रयागराज में जिला पर्यटन अधिकारी के पद पर कार्यरत हैं।
दोनों युवाओं की इस सफलता पर न्यायाधीश कृपाशंकर शर्मा, सौरभ मिश्र, पल्लवी, संतोष मद्धेशिया, मनोज मद्धेशिया, शौर्य सिंह, अभिषेक गुप्त, सुरेंद्र लाल श्रीवास्तव, आशा श्रीवास्तव, बृजेंद्र लाल और शशि प्रभा सहित कई लोगों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दी हैं।
