देवरिया जिले के गौरी बाजार क्षेत्र में शनिवार देर रात सड़क हादसे में एक कपड़ा व्यवसायी की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार 30 वर्षीय युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसकी बाद में इलाज के दौरान मौत हो गई।
गौरी बाजार उपनगर के उद्योग नगर वार्ड नंबर दो निवासी श्वेतांक जायसवाल पुत्र श्रवण जायसवाल रामलखन चौराहे पर कपड़े की दुकान चलाते थे। शनिवार देर रात करीब 10:30 बजे वह दुकान बंद कर बाइक से अपने घर लौट रहे थे।
जब वह कटाई चौराहे के पास पहुंचे, तभी विपरीत दिशा से तेज रफ्तार में आ रही आर्टिका कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि श्वेतांक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने एंबुलेंस की मदद से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गौरी बाजार पहुंचाया।
चिकित्सकों ने हालत गंभीर देखते हुए उन्हें महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया, जहां इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
हादसे के बाद कार चालक वाहन को कटाई चौराहे पर छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतक श्वेतांक दो भाइयों में बड़े थे और अभी उनकी शादी नहीं हुई थी। वह अपने छोटे भाई राकेश और पिता के साथ मिलकर कपड़े की दुकान संभालते थे। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
