खुखुंदू चौराहे पर शुक्रवार को एटीएम से रुपये निकालने पहुंचे कुल्हड़ कारोबारी के साथ जालसाजों ने एटीएम कार्ड बदलकर 1.60 लाख रुपये की ठगी कर ली। ठगी का पता तब चला, जब पीड़ित के मोबाइल पर लगातार रुपये निकासी के मैसेज आने लगे।

सदर कोतवाली क्षेत्र के भीखमपुर रोड, देवरिया निवासी चंदन कुमार प्रजापति खुखुंदू चौराहा स्थित तेनुआ रोड पर कुल्हड़ का कारखाना संचालित करते हैं। उनकी पत्नी नीतू देवी के नाम से खुखुंदू चौराहे पर स्थित Canara Bank शाखा में खाता है। मजदूरी भुगतान के लिए चंदन शुक्रवार सुबह पत्नी का एटीएम कार्ड लेकर पहले Union Bank of India के एटीएम पहुंचे, जहां रुपये नहीं निकल सके। इसके बाद उन्होंने State Bank of India के एटीएम से दस हजार रुपये निकाले।

आरोप है कि इसी दौरान तीन-चार जालसाज उनके पीछे लग गए और बातचीत में उलझाकर एटीएम कार्ड बदल लिया। जब चंदन कारखाने पहुंचे तो मोबाइल पर एक के बाद एक कई बार रुपये निकासी के मैसेज आए। खाते में मौजूद कुल 2.43 लाख रुपये में से चंदन द्वारा निकाले गए दस हजार रुपये के अलावा जालसाजों ने 1.60 लाख रुपये निकाल लिए।

घटना की जानकारी होते ही चंदन तुरंत बैंक पहुंचे और खाता होल्ड कराया। इसके बाद उन्होंने थाने पहुंचकर तहरीर दी। पुलिस बैंक से संबंधित डिटेल खंगाल रही है। थाना प्रभारी Dinesh Kumar Mishra ने बताया कि पीड़ित की तहरीर प्राप्त हो गई है। बैंक डिटेल और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच की जा रही है, जल्द ही जालसाजों की पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी।