भटनी क्षेत्र के अलावलपुर गांव में तीन दिन से लापता युवती का शव शुक्रवार को घर के सामने स्थित तालाब में उतराता हुआ मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव मिलने की सूचना के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
भटनी थाना क्षेत्र के अलावलपुर गांव निवासी राजपति ठाकुर की 22 वर्षीय बेटी रानी कुमारी मंगलवार की रात अचानक घर से लापता हो गई थी। परिजनों की सूचना पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर युवती की तलाश शुरू की थी। शुक्रवार को ग्रामीणों ने घर के सामने तालाब में शव उतराता देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को तालाब से निकलवाकर कब्जे में ले लिया। घटना स्थल पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस के अनुसार मृतका मानसिक रोगी बताई जा रही है।
मौके पर पहुंचे Anshuman Srivastava ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।
