देवरिया शहर के सबसे व्यस्त कसया ढाले पर लंबे समय से लगने वाले जाम से लोगों को जल्द राहत मिलने वाली है। यहां करीब 665 मीटर लंबे ओवरब्रिज का निर्माण अगले दो महीने के भीतर शुरू होने की संभावना है।

इस ओवरब्रिज का 95 मीटर हिस्सा रेलवे क्रॉसिंग के ऊपर बनेगा, जिसका निर्माण पूर्वोत्तर रेलवे द्वारा कराया जाएगा। वहीं दोनों तरफ का लगभग 570 मीटर हिस्सा सेतु निगम द्वारा बनाया जाएगा। सेतु निगम ने अपने हिस्से में निर्माण कार्य शुरू करने की तैयारी भी शुरू कर दी है।

कसया ढाले से रोजाना 35 से अधिक यात्री ट्रेनें और करीब 15 मालगाड़ियों का संचालन होता है। इस कारण सुबह से लेकर देर शाम तक रेलवे क्रॉसिंग पर बार-बार फाटक बंद होने से लंबा जाम लग जाता है। खासकर दोपहर के समय कम अंतराल में कई ट्रेनों के गुजरने से लोगों को घंटों जाम में फंसे रहना पड़ता है। इससे भीखमपुर रोड की ओर से आने-जाने वाले लोगों को काफी परेशानी होती है।

लंबे समय से इस क्रॉसिंग पर ओवरब्रिज और अंडरपास बनाने की मांग की जा रही थी। विधायक शलभ मणि त्रिपाठी के प्रयास से ओवरब्रिज निर्माण को मंजूरी मिल गई है।

यह ओवरब्रिज भीखमपुर रोड और रेलवे स्टेशन रोड से जुड़ा होगा। इसके बनने से सोनूघाट बाईपास, गोरयाघाट और बरियारपुर की ओर से आने-जाने वाले वाहनों को रेलवे क्रॉसिंग पर रुकना नहीं पड़ेगा और जाम की समस्या काफी हद तक समाप्त हो जाएगी।

इसके अलावा कसया ढाले पर अंडरपास भी स्वीकृत है, जिसका निर्माण पूर्वोत्तर रेलवे को कराना है। अंडरपास बनने से रामगुलाम टोला, गायत्री पुरम, पिड़रा, सिंधी मिल कॉलोनी और बभनी वार्ड के लोगों को रेलवे स्टेशन और कोतवाली रोड तक पहुंचने में सुविधा होगी। हालांकि कानूनी अड़चनों के कारण अभी अंडरपास का निर्माण शुरू नहीं हो पाया है।

अधिकारियों का कहना है कि कसया ढाले पर ओवरब्रिज निर्माण का कार्य जल्द ही शुरू कराया जाएगा और इसके लिए आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।