रेलवे प्रशासन ने गोरखपुर–लोकमान्य तिलक टर्मिनस एक्सप्रेस के यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए 55102 मऊ–छपरा कचहरी सवारी गाड़ी के समय में आंशिक बदलाव किया है। यह परिवर्तन पांच मार्च 2026 से लागू कर दिया गया है।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार लिंक सवारी गाड़ी के समय में बदलाव से गोरखपुर–लोकमान्य तिलक टर्मिनस एक्सप्रेस से मुंबई जाने और वहां से आने वाले यात्रियों को काफी सहूलियत मिलेगी। खासकर होली के बाद मुंबई जाने वाले यात्रियों को इस बदलाव से राहत मिलने की उम्मीद है।

गोरखपुर, देवरिया और कुशीनगर जिले से बड़ी संख्या में यात्री लोकमान्य तिलक टर्मिनस एक्सप्रेस से मुंबई की यात्रा करते हैं। पहले बिहार और आसपास के क्षेत्रों से आने वाले यात्री मऊ–छपरा पैसेंजर ट्रेन से भटनी स्टेशन पहुंचकर इस ट्रेन को पकड़ लेते थे, लेकिन समय एक होने के कारण अक्सर ट्रेन छूट जाती थी। यात्रियों की इसी समस्या को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने सवारी गाड़ी के समय में बदलाव किया है।

नए समय के अनुसार 55102 मऊ–छपरा कचहरी सवारी गाड़ी मऊ जंक्शन से सुबह 5:00 बजे प्रस्थान करेगी और निर्धारित स्टेशनों पर रुकते हुए भटनी स्टेशन से सुबह 7:25 बजे रवाना होगी। इसके बाद नोनापार से 7:33 बजे, भाटपार रानी से 7:43 बजे, बनकटा से 7:53 बजे, मैरवा से 8:02 बजे, करछुई से 8:08 बजे, जीरादेई से 8:14 बजे तथा सीवान से सुबह 8:30 बजे प्रस्थान करेगी।

वाराणसी मंडल के जनसंपर्क अधिकारी अशोक कुमार ने बताया कि समय परिवर्तन से गोरखपुर–लोकमान्य तिलक टर्मिनस एक्सप्रेस के यात्रियों को आगे की यात्रा में काफी सुविधा मिलेगी।