जिलाधिकारी श्रीमती दिव्या मित्तल की अध्यक्षता में गांधी सभागार, विकास भवन में किसान दिवस का आयोजन किया गया। इस अवसर पर धान क्रय से जुड़ी समस्याओं को लेकर किसानों और किसान संगठनों की बात सुनी गई। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि धान क्रय से संबंधित सभी समस्याओं के समाधान के लिए 19 दिसंबर को पुनः बैठक आयोजित की जाए। उन्होंने जिला खाद्य विपणन अधिकारी को निर्देशित किया कि इस बैठक में राइस मिलर्स को भी अनिवार्य रूप से बुलाया जाए, ताकि समस्याओं का स्थायी समाधान हो सके।
जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग के समस्त अधिशासी अभियंताओं को प्रत्येक किसान दिवस में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने और किसानों की समस्याओं का तत्काल समाधान करने के निर्देश दिए। बैठक में अनुपस्थित रहने पर स्पष्टीकरण देने के भी निर्देश दिए गए।
किसान दिवस में जिला कृषि अधिकारी ने पूर्व में प्राप्त शिकायतों की अनुपालन आख्या प्रस्तुत करते हुए कृषि विभाग की योजनाओं की जानकारी दी। जिला उद्यान अधिकारी ने बागवानी मिशन योजना के तहत फलों और सब्जियों की खेती पर मिलने वाले अनुदान और निःशुल्क बीज वितरण की जानकारी दी।
विद्युत विभाग द्वारा बिजली बिल राहत योजना तथा जिला खाद्य विपणन अधिकारी द्वारा धान क्रय में अंश निर्धारण संबंधी समस्या के समाधान की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी, किसान संगठन के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में कृषक उपस्थित रहे।
