मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अनिल कुमार गुप्ता की अध्यक्षता में धन्वंतरि सभागार में जिला स्वास्थ्य समिति (शासी निकाय) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न योजनाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

सीएमओ ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जिन आशा कार्यकर्ताओं द्वारा एक भी प्रसव नहीं कराया गया है, उन्हें चिन्हित कर सेवा समाप्ति की कार्रवाई की जाए तथा उनके स्थान पर नई आशाओं की भर्ती प्रक्रिया शुरू की जाए। उन्होंने अस्पतालों में डॉक्टरों की समय से उपस्थिति सुनिश्चित कराने, इमरजेंसी सेवाओं में 24 घंटे डॉक्टर की तैनाती और शत-प्रतिशत स्टाफ उपस्थिति के निर्देश दिए।

उन्होंने टोकन प्रणाली लागू करने, मरीजों के लिए व्हीलचेयर व बैठने की व्यवस्था, उपलब्ध दवाइयों को ही लिखने तथा वार्डों में कर्मचारियों की नियमित ड्यूटी सुनिश्चित करने पर जोर दिया। प्रसव कक्ष की व्यवस्थाओं, भोजन की गुणवत्ता, साफ-सफाई, पेयजल और प्रकाश व्यवस्था को भी बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए गए।

बैठक में जननी सुरक्षा योजना, आयुष्मान गोल्डन कार्ड, टीकाकरण, आभा आईडी, राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों सहित अन्य बिंदुओं की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी एवं सहयोगी संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।