देवरिया जिले के गौरीबाजार थाना क्षेत्र से एक राहत भरी खबर सामने आई है, जहां पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर गुमशुदा बालक को सकुशल बरामद कर परिजनों को सौंप दिया। इस कार्रवाई से पुलिस की सक्रियता और संवेदनशीलता एक बार फिर सामने आई है।

यह अभियान पुलिस अधीक्षक संजीव सुमन के निर्देशन में चलाया गया, जिसमें अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी आनन्द कुमार पाण्डेय और क्षेत्राधिकारी रुद्रपुर हरिराम यादव का मार्गदर्शन रहा।

जानकारी के अनुसार, 13 वर्षीय बालक सुधांशु, निवासी देवगांव गोरही टोला, 5 अप्रैल को घर से लापता हो गया था। परिजनों की सूचना पर थाना गौरीबाजार में मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए खोजबीन शुरू की और 6 अप्रैल को पूर्वी ढाला के पास से बालक को सकुशल बरामद कर लिया।

पूछताछ में बालक ने बताया कि वह घरेलू बातों से नाराज होकर घर से चला गया था। पुलिस ने सभी आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए बालक को सुरक्षित उसके परिवार को सौंप दिया।

इस सफल कार्रवाई में उपनिरीक्षक अरविंद कुमार यादव और कांस्टेबल मुमताज अंसारी की अहम भूमिका रही। पुलिस की इस तत्परता से जहां परिवार ने राहत की सांस ली, वहीं क्षेत्र में भी पुलिस की सराहना की जा रही है