देवरिया जनपद में महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा व सशक्तिकरण को लेकर पुलिस प्रशासन लगातार सक्रिय नजर आ रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक संजीव सुमन के निर्देशन में जिले के सभी थानों की मिशन शक्ति और एंटी रोमियो टीमों द्वारा ‘मिशन शक्ति फेज-5.0’ और ‘शक्ति दीदी’ अभियान चलाया गया।
अभियान के तहत विभिन्न थाना क्षेत्रों में सार्वजनिक स्थानों, बाजारों और संस्थानों पर महिलाओं एवं बालिकाओं को जागरूक किया गया। थाना एकौना क्षेत्र के पचलड़ी बाजार में पुलिस टीम ने महिलाओं को सरकारी योजनाओं और हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी। वहीं थाना खामपार क्षेत्र के ग्राम छपिया स्थित सेंट्रल बैंक में भी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस दौरान पुलिस कर्मियों ने डायल-112, महिला हेल्पलाइन-181, वुमेन पावर लाइन-1090, चाइल्ड हेल्पलाइन-1098, सीएम हेल्पलाइन-1076, स्वास्थ्य सेवा-102, एंबुलेंस सेवा-108 और साइबर हेल्पलाइन-1930 जैसे महत्वपूर्ण नंबरों की जानकारी दी। साथ ही महिलाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों और आत्मनिर्भर बनने के तरीकों के बारे में भी बताया गया।
पुलिस द्वारा पम्पलेट वितरित कर यह संदेश दिया गया कि किसी भी आपात स्थिति में महिलाएं बिना हिचक इन सेवाओं का उपयोग करें। इस अभियान से जिले भर में जागरूकता बढ़ी है और महिलाओं में सुरक्षा के प्रति भरोसा मजबूत हुआ है।
