सलेमपुर क्षेत्र में घने कोहरे के कारण जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया। शुक्रवार रात इस मौसम का सबसे घना कोहरा छाया रहा, जिससे दृश्यता घटकर मात्र 5 से 10 मीटर तक रह गई। तड़के से ही सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा और वाहन चालकों को हेडलाइट जलाकर बेहद सावधानी से वाहन चलाने पड़े।

शनिवार सुबह काम पर जाने वाले लोगों और वाहन चालकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों को हुई, जिनके वाहन देर से पहुंचे और बच्चे सड़क किनारे इंतजार करते नजर आए। कोहरे के कारण यातायात की रफ्तार भी काफी धीमी रही।

हालांकि सुबह करीब सात बजे हल्की धूप निकलने से लोगों को कुछ राहत मिली। मौसम विभाग के अनुसार अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आर्द्रता 60 प्रतिशत रही, जबकि हल्की हवा चलती रही। ठंड से बचाव के लिए लोग जगह-जगह अलाव का सहारा लेते दिखाई दिए।