नगरपालिका गौरा–बरहज क्षेत्र में रेलवे स्टेशन जाने वाला प्रमुख मार्ग बदहाल स्थिति में है, जिससे आम लोगों की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है। सड़क पर जगह-जगह बने छोटे-बड़े गड्ढों के कारण इस मार्ग से गुजरना जोखिम भरा हो गया है।
बीआरडीबीडी पीजी कॉलेज आश्रम के मुख्य गेट से रेलवे स्टेशन और पूर्वी ढाला तक बनी सड़क पूरी तरह गड्ढों में तब्दील हो चुकी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि 14 नवंबर को नगरपालिका को अनापत्ति पत्र जारी किया गया था, इसके बावजूद अब तक मरम्मत या निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका है। रेलवे और नगरपालिका द्वारा संयुक्त सर्वे किए जाने और पूर्वोत्तर रेलवे के चीफ इंजीनियर के निरीक्षण के बाद भी स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ है।
बारिश के बाद गड्ढों में पानी भर जाने से हादसों का खतरा और बढ़ गया है। इस मार्ग से रोजाना बड़ी संख्या में रेल यात्री और स्थानीय नागरिक आवागमन करते हैं। सड़क की दुर्दशा के चलते क्षेत्रवासियों में नाराजगी और निराशा दोनों बढ़ती जा रही है।
