देवरिया जिले के छात्र-छात्राओं के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। शैक्षिक सत्र 2025-26 में छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति योजना से वंचित रह गए पात्र अभ्यर्थियों को अब एक और मौका मिलने जा रहा है। समाज कल्याण विभाग जल्द ही छात्रवृत्ति पोर्टल को दोबारा खोलने की तैयारी कर रहा है, जिससे छूटे हुए छात्र-छात्राओं को योजना का लाभ मिल सके।

यह निर्णय समाज कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण के निर्देश पर लिया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि कोई भी पात्र छात्र तकनीकी या अन्य कारणों से छात्रवृत्ति से वंचित नहीं रहेगा। पोर्टल दोबारा खुलने के बाद सभी पात्र छात्रों को पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से छात्रवृत्ति की धनराशि सीधे उनके बैंक खातों में भेजी जाएगी, ताकि उनकी पढ़ाई प्रभावित न हो।

समाज कल्याण विभाग के अनुसार, नेशनल इंफॉर्मेटिक सेंटर (एनआईसी) द्वारा मास्टर फीस प्रोसेस में तकनीकी दिक्कत आने के कारण कई छात्रों की छात्रवृत्ति प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी थी। अब इस समस्या के समाधान की प्रक्रिया तेजी से चल रही है और जल्द ही पोर्टल पुनः शुरू किया जाएगा।

जिला समाज कल्याण अधिकारी सुधीर पांडेय ने बताया कि पहले भी ऐसी स्थिति में पोर्टल खोलकर छात्रों को लाभ दिया गया था। वित्तीय वर्ष 2024-25 में दोबारा पोर्टल खुलने पर 1035 से अधिक छात्र-छात्राओं को कुल 125.59 लाख रुपये की छात्रवृत्ति और शुल्क प्रतिपूर्ति प्रदान की गई थी।

यह पहल छात्रों के लिए बड़ी राहत मानी जा रही है और इससे उनकी शिक्षा को मजबूती मिलेगी।